जयपुर
राजस्थान के खेल प्रेमियों का 8 साल लंबा इंतजार अब से कुछ ही घंटों में खत्म हो जाएगा। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में टीम इंडिया न्यूजीलैंड से 3 टी-20 मैच की सीरीज का पहला मुकाबला खेलेगी। जो जयपुर में होने वाला पहला इंटरनेशनल टी-20 मैच होगा। कोरोना प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए भारत-न्यूजीलैंड मैच के लिए कुछ देर में एंट्री मिलना शुरू हो जाएगी। इस दौरान स्टेडियम में प्रवेश से पहले दर्शकों को वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट या फिर RTPCR रिपोर्ट दिखानी होगी।
मैच देखने के लिए लोग राजस्थान के अलग-अलग जिलों से जयपुर पहुंचे। ऐसे ही अलवर के बहरोड़ से आए दर्शक ने बताया कि वो खास मैच देखने जयपुर आए हैं। वहीं, लड़के-लड़कियों के कई ग्रुप एक जैसे कपड़ों में मैच देखने पहुंचे। सभी ने पूरे जोश के साथ इंडिया की जीत के नारे लगाए।