जयपुर
मंत्रिमंडल फेरबदल तय होने और समर्थकों काे जगह मिलने के बाद सचिन पायलट की नाराजगी दूर हो गई है। शपथ से पहले रविवार को मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि कैबिनेट में महिलाओं की भागीदारी बढ़कर एक से तीन हो गई है। यह प्रियंका गांधी का प्रभाव है।
पायलट ने कहा कि हम चाहेंगे कि महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा टिकट मिले। कैबिनेट में महिलाओं का रिप्रेजेंटेशन बढ़ा है। जो प्रियंका गांधी की घोषणा थी उसका रिफ्लेक्शन राजस्थान में देखा गया है। हमने जो मुद्दे उठाए थे, उनका समाधान किया गया है। दलित, महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाया है। अगर किसी डिपार्टमेंट में कोई कमी है, तो उसे सुधारने के लिए मिलकर काम करेंगे।
खुद की भूमिका के सवाल पर पायलट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने मुझे जो भी जिम्मेदारी दी है, मैंने पूरी ताकत से निभाई है। आने वाले समय में पार्टी मुझे जो निर्देश देगी, मुझे जहां भी काम देगी, वहां काम करेंगे। राजस्थान में 2023 में सरकार हम बनाएंगे। आज हम सबको मिलकर ऑल इंडिया लेवल पर और राजस्थान के लेवल पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के लिए काम करना पड़ेगा।