Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

रैली निकाल धरने पर बैठे ई-रिक्शा यूनियन के सदस्य

  • जिला अस्पताल बचाओ संघर्ष समिति के बेमियादी धरने का छठा दिन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    राजकीय मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध अस्पताल को टाउन में ही रखने की मांग को लेकर एमजीएम राजकीय जिला चिकित्सालय के समक्ष चल रहा बेमियादी धरना बुधवार को छठे दिन भी जारी रहा। बुधवार को ई-रिक्शा चालक यूनियन के सदस्य धरने पर बैठे। इससे पहले ई-रिक्शा चालकों ने टाउन शहर के बाजार में रैली निकाली। रैली के रूप में ई-रिक्शा चालक जिला अस्पताल के समक्ष पहुंचे और धरने पर बैठे। संघर्ष समिति सदस्यों की ओर से ई-रिक्शा चालक यूनियन के पदाधिकारियों व सदस्यों को माला पहनाकर धरने पर बैठाया गया। इस मौके पर ई-रिक्शा चालक यूनियन टाउन के प्रधान करण सोनी ने जिला अस्पताल को टाउन में ही रखने की मांग दोहराते हुए कहा कि यहां से करीब 15 किलोमीटर दूर अस्पताल ले जाने का सरकार का निर्णय उचित नहीं है। इससे मरीजों व उनके परिजनों को असुविधा होगी। लोगों का रोजगार चला जाएगा। उल्टा राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण जिला अस्पताल के साथ टाउन में होना चाहिए। क्योंकि जिला अस्पताल के आधार पर ही हनुमानगढ़ में मेडिकल कॉलेज स्वीकृत हुआ है। अगर ऐसा नहीं तो जिला अस्पताल से चार-पांच किलोमीटर के दायरे में मेडिकल का निर्माण हो। उधर, धरने पर बैठे संघर्ष समिति सदस्यों ने कहा कि जब तक मेडिकल कॉलेज में जिला अस्पताल बनाने के प्रस्ताव को निरस्त नहीं किया जाता तब तक आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *