एक्टर अक्षय कुमार को लेकर सोशल मीडिया पर हाल ही में एक खबर सामने आई है। जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि अक्षय ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘बेल बॉटम’ के लिए फीस से 30 करोड़ रुपए कम कर दिए हैं। अब अक्षय ने खुद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर इन खबरों को खारिज कर दिया है।
अक्षय कुमार ने पोस्ट में फीस कम करने वाली वायरल खबर को शेयर कर लिखा, “सुबह उठते ही इस तरह के फेक स्कूप्स सामने आए हैं।” ‘बेल बॉटम’ के प्रोड्यूसर वाशु भगनानी ने भी पोस्ट शेयर कर इन खबरों को गलत बताया। उन्होंने लिखा, “इस खबर में कोई सच्चाई नहीं है।” ‘बेल बॉटम’ एक पीरियड स्पाई थ्रिलर है। जिसकी कहानी अस्सी के दौर में सेट की गई है। फिल्म में अक्षय एक सीक्रेट एजेंट के किरदार में नजर आएंगे।
वायरल खबर में क्या कहा गया था?
वायरल खबर में कहा गया था कि प्रोड्यूसर ने ‘बेल बॉटम’ के बजट में इजाफा होने और रिलीज को लेकर अनिश्चतता के चलते अक्षय से अपनी फीस कम करने के लिए कहा था, जिसके लिए एक्टर ने सहमति व्यक्त कर दी है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि अक्षय ने ‘बेल बॉटम’ के लिए 117 करोड़ रुपए फीस ली थी। अब अक्षय 2022 में आने वाली अपनी फिल्मों के लिए 135 करोड़ रुपए चार्ज करेंगे।
OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज नहीं होगी ‘बेल बॉटम’
अक्षय के फैंस को ‘बेल बॉटम’ का बेसब्री से इंतजार है। कुछ दिनों पहले यह खबरें सामने आई थी कि फिल्म को OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जा सकता है। लेकिन, अक्षय ने पोस्ट शेयर कर इन खबरों को भी खारिज कर दिया था। साथ ही उन्होंने कहा था कि फिल्म की रिलीज डेट को लेकर अभी कुछ भी तय नहीं हुआ है।
अक्षय ने स्कॉटलैंड में की थी ‘बेल बॉटम’ की शूटिंग
‘बेल बॉटम’ की कोरोनावायरस महामारी के दौरान शूट की गई है। इसका टीजर भी पिछले साल ही जारी कर दिया गया था। अक्षय ने इस फिल्म की शूटिंग स्कॉटलैंड में की थी। इस फिल्म का निर्देशन रंजीत तिवारी ने किया है। फिल्म में अक्षय के अलावा वाणी कपूर, लारा दत्ता और हुमा कुरैशी भी लीड रोल में हैं।
अक्षय कुमार के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स
‘बेल बॉटम’ के अलावा अक्षय की सूर्यवंशी भी रिलीज के लिए तैयार है। यह फिल्म भी इस साल 30 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी, लेकिन कोरोना के कारण टाल दी गई है। अक्षय इन दोनों फिल्मों के अलावा ‘पृथ्वीराज’, ‘रक्षा बंधन’, ‘अतरंगी रे’, ‘बच्चन पांडे’ और ‘राम सेतु’ भी नजर आएंगे।