Saturday, April 25निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

चिकित्सालय में डायलिसिस व अल्ट्रासाउंड मशीन लगेगी

सीमा सन्देश न्यूज
नोहर।
नोहर राजकीय चिकित्सालय में आने वाले समय में डायलिसिस व अल्ट्रासाउंड मशीन लगेगी। उक्त दोनों मशीनों को चिकित्सालय में लगाने का आरएमआरएस की बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया। राजकीय चिकित्सालय में आर.एम.आर.एस. की बैठक विधायक अमित चाचाण अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में चिकित्सालय के संबंध में अनेक मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया । बैठक में डी.एम.एफ.टी. से नया वार्ड , एक डायलिसिस मशीन एवं एक अल्ट्रासाउंड मशीन खरीद करने का प्रस्ताव पास किया गया। विधायक अमित चाचाण ने डायलिसिस एवं अल्ट्रासाउंड मशीन खरीदने का प्रस्ताव बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजने के निर्देश दिए। बैठक में नई स्ट्रक्चर क्रय करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। आरएमआरएस की बैठक में विधायक निधि से क्रय की गई एंबुलेंस को प्रथम 6 माह ट्रायल बेस पर चलाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके लिए एक वाहन चालक एवं एक नर्सिग कार्मिक संविदा पर रखने का निर्णय लिया गया।बैठक में निर्णय लिया गया कि लाईफ स्पॉट सिस्टम युक्त नई अत्याधुनिक एम्बूलेंस की सेवा बीपीएल, अनाथ, लावारिश, विधवा, एचआईवी पॉजिटिव, कोरोना पॉजिटिव, थैलिसिमिया, आस्था कर्मचारी, सहरिया जाति, दुर्घटनाग्रस्त,कैदी, पेंशनर्स व 60 वर्ष से अधिक आयु वाले वरिष्ठ जनों को नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अलावा अन्य को एम्बूलेंस उपयोग के लिए 15 रुपये प्रतिकिलोमीटर किराया निर्धारित किया गया। इसके अलावा बिजली बिल, बीपीसी राशि एवं डीडीसी हेल्पर की बकाया राशि लेने हेतु विभाग को पत्र प्रेषित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में विधायक अमित चाचाण ने चिकित्सालय में साफ सफाई सहित अनेक मुद्दों पर चिकित्सा प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए।
उपकरण की कमी नहीं रहने दी जाएगी
इस मौके पर विधायक अमित चाचाण ने कहा कि चिकित्सालय में किसी प्रकार के चिकित्सकीय उपकरण आदि कि कमी नही रहने दी जाएगी। उन्होंने चिकित्सालय प्रशासन से जिस भी सामान की आवश्यकता हो उसे तुरंत अवगत कराने के निर्देश दिये। बैठक में उपखंड अधिकारी श्वेता कोचर , प्रधान सोहन ढ़िल, डॉ. रवि शंकर शर्मा, चिकित्सालय प्रभारी डॉ. सुरेंद्र शर्मा, डॉ. जयप्रकाश सुथौड़, आरएमआरएस सदस्य हनुमान प्रसाद व्यास, रफीक चौहान, एड. के. एल. मित्रुका, श्रवण तंवर आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *