बिहार की राजधानी पटना और गोपालगंज जिले में विदेश से आए 7 लोगों की कोविड टेस्ट रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव पाई गई है।
पटना में पॉजिटिव मिले दोनों लोग विदेशी नागरिक हैं और दुबई से 10 दिन पहले यहां पहुंचे थे। उनके सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेज दिए गए हैं और वे 10 दिन में किन-किन लोगों से मिले हैं, उनकी पहचान की जा रही है।
गोपालगंज में 5 लोग नए कोरोना वैरिएंट ओमिक्रॉन से प्रभावित अफ्रीकी देशों से आए थे, जिनके यहां पहुंचने पर कोविड प्रोटोकॉल के तहत डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन ने कोविड टेस्ट कराया था। हालांकि वे किन-किन देशों से आए थे, इसकी पुख्ता जानकारी अभी तक नहीं मिल सकी है।
IANS की रिपोर्ट में गोपालगंज डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन के हवाले से बताया गया है कि पांचों लोगों को ऑब्जर्वेशन सेंटर में आइसोलेट कर दिया गया है और उनके सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेज दिए गए हैं ताकि ओमिक्रॉन की पुष्टि की जा सके। उनके संपर्क में आए लोगों की भी पहचान की जा रही है।