सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर। ‘हिंद दी चादर’ कहे जाने वाले नौवें गुरु, श्री तेगबहादुर के शहीदी दिवस पर बुधवार को शहर में पंज प्यारों की अगुवाई में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। विनोबा बस्ती स्थित गुरुद्वारा कलगीधर से दोपहर में आरंभ नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शहर के मुख्य मार्गों से होकर नगर कीर्तन निकला। जगह-जगह लोगों ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए रास्ते में अनेक स्थानों पर चाय और अल्पाहार के लंगर लगाए गए। नगर कीर्तन में श्रद्धालुओं का एक जत्था आगे सड़क मार्गों की सफाई करते और पानी का छिड़काव करते हुए चल रहा था। तत्पश्चात पंज प्यारों की अगुवाई में फूलों से सुसज्जित वाहन में गुरु ग्रंथ साहब की पावन सवारी थी। इसके पीछे श्रद्धालु नर-नारियों का बड़ा समूह गुरबाणी का जस गाते हुए चल रहा था। कीर्तन के रास्ते में हजारों लोगों ने गुरु ग्रंथ साहब की सुसज्जित पालकी के समक्ष शीश नवाया और प्रसाद ग्रहण किया। नगर कीर्तन में बाबा हरपालसिंह का गतका दल मुख्य आकर्षण रहा। गतका दल के बहादुर और जांबाज जवानों ने मार्शल आर्ट का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर लोग आश्चर्य चकित रह गये।