दो वारदातें करके फरार होते हुए तीन बदमाशों को पुलिस ने पीछा कर दबोचा
बीकानेर जिले में पुलिस ने वीआईपी कूपन से इनाम राशि दोगुना करने का झांसा देकर अनेक वारदातें कर फरार हो रहे बदमाशों के गिरोह को पीछा कर सीकर जिले में काबू कर लिया। इस गिरोह से बीकानेर जिले में सदर, श्रीडूंगरगढ़, नोखा, नापासर और बीछवाल थाना क्षेत्रों में अनेक वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस अधीक्षक योगेश यादव ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों में प्रेम प्रकाश प्रजापत (45) पुत्र नंदराम निवासी खैरथल, पूरणमल सिंधी (40) पुत्र सूरतमल निवासी शालीमार थाना सदर, अलवर और कुलभूषण ब्राह्मण (32) पुत्र सुदेश कुमार निवासी मुरली कॉलोनी, वार्ड नंबर 2 खैरथल अलवर शामिल हैं। यह गिरोह एक कार में फरार हो रहा था। बीकानेर जिले में श्रीडूंगरगढ़ में दो लाख की राशि ठगने में इस गिरोह ने एक मोटरसाइकिल का भी उपयोग किया। यह दोनों वाहन भी जब्त कर लिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में गिरोह ने बीछवाल, नापासर और नोखा थाना में भी इसी प्रकार की ठगी की वारदातें करना कबूल किया है। पकड़े गए तीनों शातिर बदमाशों ने कल बुधवार दोपहर को पीबीएम हॉस्पिटल के नजदीक सादुल कॉलोनी निवासी सुशील मोदी (62) को ठगी का शिकार बनाया। जानकारी के मुताबिक यह तीनों पीबीएम अस्पताल के सामने की एक गली में सुशील मोदी से मिले और खुद को नागौर एवं श्रीकोलायत क्षेत्र का निवासी बताते हुए वीआईपी कूपन से राशि दोगुनी करने का झांसा दिया। सुशील मोदी से 2 लाख रुपए लेकर फरार हो गए।पुलिस अधीक्षक के मुताबिक इसके कुछ देर बाद ही श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में जैसलसर ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि भीखाराम जाट के साथ भी झंवर तिराहे पर ऐसे ही ठगी की गई। मोटरसाइकिल पर आए तीन व्यक्तियों ने वही वीआईपी कूपन से राशि दोगुना करने का झांसा दिया और भीखाराम से भी 2 लाख रुपए लेकर फरार हो गए।