Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पंजाब की पूर्व डिप्टी सीएम के रिश्तेदार सहित दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया

दुर्घटनाग्रस्त इनोवा गाड़ी में 25 लाख का कैश और 40 ग्राम अफीम बरामद होने का मामला
हनुमानगढ़
जिले में एक दुर्घटनाग्रस्त इनोवा गाड़ी में 25 लाख की संदिग्ध राशि बरामद होने और इसमें सवार दो व्यक्तियों से 40 ग्राम अफीम बरामद होने के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों को अदालत में पेश किया।अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं। इस मामले की जांच कर रहे गोलूवाला थाना प्रभारी ओमप्रकाश सुथार ने आज बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया हरनेंदरसिंह उर्फ राजेंद्रसिंह (51) पुत्र सुखदेव सिंह जटसिख निवासी चक 94-जीबी तहसील अनूपगढ़ मूल रूप से पंजाब में जिला बठिंडा अंतर्गत संगत थाना क्षेत्र के गांव मछाना का निवासी है। वह पंजाब की एक पूर्व डिप्टी सीएम रही महिला का करीबी रिश्तेदार है। वह पूर्व डिप्टी सीएम की बहन का दामाद है। उसके साथ पकड़ा गया जगसीरसिंह जट सिख (29) पुत्र दर्शनसिंह भी मछाना गांव का निवासी है। दोनों से रिमांड अवधि के दौरान बरामद 40 ग्राम अफीम और संदिग्ध राशि के बारे में पूछताछ की गई। पूछताछ में हरनेंदरसिंह ने बताया कि चक 94 जीबी में उसकी कृषि भूमि है, जिसे कुछ दिन पहले बेच दिया था। जमीन बेचने से मिली रकम से वह दूसरी जगह जमीन खरीदना चाहता था। जमीन का सौदा करने के लिए ही वह इनोवा में कैश लेकर जा रहा था। उल्लेखनीय है कि विगत 4 दिसंबर की शाम को हनुमानगढ़ सदर थाना अंतर्गत डबली राथन के समीप एक इनोवा गाड़ी (सीएच 04-4255) की रोडवेज की बस से टक्कर हो गई थी। इस पर सदर थाना प्रभारी चंद्रभान धुवां दलबल सहित मौके पर पहुंचे तो दुर्घटनाग्रस्त इनोवा में रकम बरामद हुई। वही इसमें सवार व्यक्तियों की तलाशी ली गई तो 40 ग्राम अफीम मिली। राशि को सीआरपीसी की धारा 102 के तहत जब्त किया गया है। पुलिस ने कहा कि इस राशि के बारे में अब अदालत में ही फैसला होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *