कटरीना कैफ और विक्की कौशल गुरुवार को सवाई माधोपुर के सिक्स सेंसेस फोर्ट बरवाड़ा में शादी के बंधन में बंध गए। दोनों ने शाम को 5 बजे फेरे लिए। उनकी शादी की फोटो का उनके फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। रात करीब 8.30 बजे विक्की कौशल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शादी की तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों के साथ विक्की ने एक नोट भी लिखा- हमारे दिलों में केवल प्यार और कृतज्ञता है, जो हमें आज इस लम्हे तक ले आई। आप सभी से प्यार और आशीर्वाद की कामना करते हुए हम एक नए सफर की शुरुआत कर रहे हैं।
विक्की की सोशल मीडिया पोस्ट से पहले ही शाम करीब 7 बजे फोर्ट के अंदर की कुछ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगीं थी। कटरीना जूड़ा बांधे, गजरा लगाए और लाल लहंगे में दिखीं। वहीं, विक्की कौशल सफेद शेरवानी पहने नजर आए। खबर ये भी है कि शादी के बाद होटल मैनेजमेंट ने गांव वालों को मिठाइयां भेजीं।