सीहोर
तमिलनाडु हेलिकॉप्टर हादसे में शहीद पैरा कमांडाे जितेंद्र कुमार वर्मा का रविवार को मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में उनके पैतृक गांव धामंदा में अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले भोपाल से सीहोर तक शहीद की पार्थिव देह लेकर आ रहे वाहन पर लोगों ने जगह-जगह सड़क किनारे खड़े होकर फूल बरसाए। लोगों की आंखें तब भर आईं, जब अंतिम दर्शन के दौरान डेढ़ साल का बेटे चैतन्य को पिता की पार्थिव देह के पास बैठाया गया और दुनियादारी से अनजान वह मासूम वहीं खेलने लगा।
जितेंद्र की पार्थिव देह सुबह 11 बजे दिल्ली से भोपाल एयरपोर्ट पर पहुंची। यहां से पार्थिव शरीर फूलों से सजे सेना के वाहन में सड़क मार्ग से पैतृक गांव धामंदा के लिए रवाना हुआ, जो करीब डेढ़ बजे गांव पहुंचा। सीएम शिवराज सिंह ने अर्थी को कंधा दिया। परिवार से मिले। शहीद की 4 साल की मासूम बेटी को दुलारा। पत्नी सुनीता, पिता और भाई को सांत्वना दी।