मातृ, पितृ व गुरू भक्त जीवन में आगे बढ़ते है-डॉ.कल्ला
by seemasandesh
गांव समदंसर में भामाशाह मोहनलाल सिंघी द्वारा बनाए भवन का किया उद्घाटन बीकानेर (सीमा सन्देश)। जो मातृभक्त, पितृभक्त और गुरु भक्त होता है, वह जिन्दगी में कामयाब होता है। उन्होंने कहा कि जन्म भूमि स्वर्ग से भी महान है। सद्कर्म से शुभ होता है, मंगल होता है, कल्याणकारी होता है, आरोग्य बढ़ता है और वैभव बढता है, सुख सम्पदा बढती है, सम्पति आती है। धन तो बहुत लोगों के पास है, परन्तु कम ही लोग इसे समाज सेवा में लगाते है। यह उदगार श्रीडूंगरगढ़ तहसील के गांव समदंसर में स्व.तोलाराम सिंघी स्मृति भवन का लोकार्पण के अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी.कल्ला ने व्यक्त किए। शिक्षा मंत्री डॉ. कल्ला ने मोहन लाल सिंघी को मातृ भक्त,पितृ भक्त और गुरु भक्त बताया। उन्होंने कहा कि उनका यह कार्य पूरे पूरे गांव के काम में आएगा। अपने गांव में इस भवन का निर्माण करवाकर गांव के प्रति प्रेम भाव दिखाया है। इनके इस प्रयास से गांव वालों को भी गांव के विकास के लिए प्रेरणा मिलेगी। डॉ.कल्ला ने कहा कि धर्म का बीज पुण्य का बीज है, यह जब फलता फूलता है तो किसान के खेत में पैदावार बढ़ती है। ऐसे ही धर्म करने वाले की संपदा बढ़ती है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने कहा था कि आप धन के ट्रस्टी हैं। आप अपने धन का आवश्यकता के अनुसार न्यूनतम उपभोग या आवश्यक उपयोग के लिए कर सकते हों, करों, उसके बाद जो धन है उसे समाज की सेवा के लिए समाज हित के लिए उसका उपयोग में लें। उन्होंने विद्या, धन और शक्ति के सही उपयोग पर बल दिया और कहा कि जिसके पास विद्या है, वह दूसरों को सिखाने में काम ले, जिसके पास धन है वह परोपकार के कार्यों में खर्च करे और जिसके पास शक्ति है उसे पीड़ित मानव की रक्षा में करनी चाहिए। इस मौके पर हेलीकॉप्टर दुर्घटना में शहीद राजस्थान के सपूतों को भी श्रद्धांजलि देते हुए युवाओं को सेना में सेवा देने का आह्वान किया।