संघर्ष समिति का धरना 23वें दिन भी रहा जारी हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। टाउन के एमजीएम राजकीय जिला चिकित्सालय को ही राजकीय मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध बेस अस्पताल रखने की मांग को लेकर जिला अस्पताल बचाओ संघर्ष समिति का धरना शनिवार को 23वें दिन में प्रवेश कर गया। शनिवार को बरकत कॉलोनी, वार्ड नम्बर 46 के नागरिकों ने आन्दोलन को समर्थन देते हुए धरना दिया। धरनार्थियों ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी कर मांग की कि मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध बेस अस्पताल को टाउन में ही रखा जाए। साथ ही चेतावनी दी कि अगर बेस अस्पताल को नवां बाइपास रोड पर राजकीय मेडिकल कॉलेज के पास स्थानांतरित किया गया तो सरकार, प्रशासन व जनप्रतिनिधि लोगों के विरोध का सामना करने के लिए तैयार रहे। संघर्ष समिति के प्रदीप ऐरी ने बताया कि संघर्ष के क्रम में 21 दिसम्बर को टाउन बाजार में रोष मार्च निकाला जाएगा। रोष मार्च पुरानी नगर पालिका स्थित चौतीना कुआं से शुरू होगा जो बाजार से होते हुए जिला अस्पताल पहुंचेगा। यहां पीएमओ का घेराव किया जाएगा। साथ ही सांकेतिक गिरफ्तारियां दी जाएंगी। इसको लेकर तैयारियां की जा रही हैं। गांव-गांव, ढाणी-ढाणी जनसम्पर्क कर अधिकाधिक संख्या में नागरिकों से पहुंचने का आह्वान किया जा रहा है। उन्होंने अधिकाधिक नागरिकों से इस रोष मार्च का हिस्सा बनकर इस मुहिम में योगदान देने का आह्वान किया। शनिवार को संघर्ष समिति सदस्यों ने माल्यार्पण कर वार्ड 46 के वाशिंदों को धरने पर बैठाया। धरने पर गुलाब कश्यप, मोहम्मद सजाद, सोनू, महेन्द्र, नितिन बंसल, दीपक शर्मा, पंकज मंगवाना, तनवीर, जगदीश, विजय, अशोक कश्यप, राजकुमार कश्यप, बबलूदास, रामूदास, महेन्द्र साहिब, वली मोहम्मद, कालूराम, अजय, मनीष कुमार, रामा, दुर्गेश कुमार, गुलाब कश्यप, विकास, शंकर, रोशन, कोमल, आकाश, भगवानसिंह, बलकरण सिंह, नरेन्द्र शर्मा, विकास शर्मा, हरि खदरिया, नीरज गर्ग, सिराजुदीन चायल, जसकरण सिंह, अनिल गुम्बर, अमृतलाल गर्ग आदि मौजूद थे।