हिंदी विषय के प्रश्न पत्र में कुछ प्रश्नों के साथ ही छपे उनके उत्तर
by seemasandesh
दो दिन की देरी से शुरू हुई अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं में बड़ी लापरवाही आई सामने हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। कोरोना काल के बाद इस बार जिले भर के माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में हो रही कक्षा 9 से 12 तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं परीक्षार्थियों के लिए दुविधा का कारण बन गई हैं। प्रिंटिंग प्रेस की वजह से पहले ही प्रश्न-पत्र देरी से छपने के चलते निर्धारित टाइम टेबल से दो दिन बाद शुरू हुई अर्द्धवार्षिक परीक्षा के दौरान शनिवार को हुए कक्षा नौवीं के हिंदी के पेपर में बड़ी गफलत सामने आई। हिंदी विषय के प्रश्न-पत्र में कुछ प्रश्नों के साथ ही उनके उत्तर छपे हुए थे। यही प्रश्न-पत्र परीक्षार्थियों को बांट दिए गए। प्रश्नों के साथ ही उनके उत्तर छपे देखकर विद्यार्थी भी हैरान-परेशान हो गए। टाउन स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (फोर्ट) में परीक्षा देने आए विद्यार्थियों ने पेपर देने के बाद इस लापरवाही के खिलाफ विद्यालय के समक्ष विरोध जताया। जानकारी के अनुसार जिले में करीब 826 विद्यालयों में कक्षा 9 से 12वीं तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हुई हैं। शनिवार को प्रथम पारी में कक्षा नौवीं का हिंदी का पेपर था। सभी परीक्षा केन्द्रों पर केन्द्राधीक्षकों की ओर से परीक्षा के तय समय अनुसार लिफाफे खोलकर छात्र-छात्राओं को प्रश्न-पत्र वितरित कर दिए गए। लेकिन जैसे ही प्रश्न पत्रों की छात्र-छात्राओं व अध्यापकों ने परख की तो पाया कि उनमें प्रश्नों के अलावा कुछ प्रश्नों के उत्तर भी साथ में छपे हुए थे। इससे परीक्षा केन्द्रों पर एकबारगी हड़कंप सा मच गया। केन्द्राधीक्षकों ने इस बाबत शिक्षा विभाग के अधिकारियों से बात की तो प्रथम दृष्टया प्रिंटिंग प्रेस की गलती से उत्तर छपने की बात सामने आई। समान परीक्षा व्यवस्था समिति की ओर से कमेटी गठित कर तुरंत जांच करवाई गई तो 48 नम्बर के प्रश्न-पत्र में 15 नम्बर के प्रश्नों के उत्तर छपे हुए पाए गए। इस पर एक प्रश्न को निरस्त कर दिया गया जबकि दूसरे प्रश्न के अथवा वाले प्रश्न को जरूरी कर समस्या का समाधान कर परीक्षा सुचारू करवाई गई। उधर, परीक्षा समाप्ति के बाद कुछ केन्द्रों पर परीक्षा देने आए विद्यार्थियों ने इस लापरवाही को लेकर नाराजगी जताते हुए इसे छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया।