नोहर (सीमा सन्देश)। अमरसिंह ब्रांच के रामगढ़ माईनर के 3 व 4 मोघे को दूरूस्त करने की मांग को लेकर बडबिराना गांव में रविवार को छठे दिन भी पांच किसान पानी की टंकी पर चढ़े रहे। 6 दिनों से इस भीष्ण ठंड में किसान अपनी मांगो को मनवाने को लेकर पानी की टंकी पर चढ़े हैं। किसानों ने मांगे नही माने जाने पर सोमवार से भूख हड़ताल की चेतावनी दी हैं। रविवार को पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया बडबिराना गांव पहुंचे और किसानों से सम्पूर्ण मामले की जानकारी ली। मटोरिया ने कहा कि टेल के किसानों को उनके हिस्से का पूरा पानी मिलना चाहिये। टंकी के नीचे अनेक किसान धरने पर बैठे हैं। किसानों ने बताया कि वे कोरे आश्वासन से मानने वाले नही हैं। मौके पर परिणाम नहीं आने तक आन्दोलन जारी रहेगा। पानी की टंकी पर पंचायत समिति सदस्य मांगीलाल शर्मा, जगदीश कड़वासरा, रामकुमार चबरवाल, गोरीशंकर सहारण व जयप्रकाश खाती चढे हैं। पिछलें तीन दिनोंं से कोई भी प्रशासनिक अधिकारी किसानों के बीच नहीं पहुंचा हैं। उधर प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि किसानों को मोघों की जांच के लिये कमेटी गठित करने, कमेटी में किसानों को भी शामिल करने का प्रस्ताव दिया जा चुका हैं। मगर किसान इसे मानने को तैयार नहीं हैं। टंकी पर चढ़े पंचायत समिति सदस्य मांगीलाल शर्मा ने बताया कि मांगे पूरी नहीं होने पर किसानों में रोष बढ़ता जा रहा हैं। अधिकारियों के उदासीन रवैये के कारण इस कडकÞड़ाती ठंड में किसान पिछलें 6 दिनों से टंकी पर चढ़े हैं। मोघे सही नहीं होने से टेल के किसानों को पूरा सिंचाई पानी नही मिल रहा हैं। इससे उनकी फसलें प्रभावित हो रही हैं।