बीकानेर
बीकानेर में सर्दी से राहत नहीं मिल रही है, हालांकि तापमान में सामान्य बढ़ोतरी हुई है। पिछले चौबीस घंटे में न सिर्फ बीकानेर बल्कि संभाग के जिलों में तापमान बढ़ा है। इसके बाद भी सर्दी से कोई खास राहत नहीं मिल सकी है। बीकानेर में सोमवार सुबह की रिपोर्ट में अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान में 1.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है।
बीकानेर में जहां तापमान बढ़ा है, वहीं चूरू में भी न्यूनतम तापमान बढ़ा है। रविवार को चूरू में माइनस 2.6 डिग्री सेल्सियस तापमान था, वहीं सोमवार को यहां भी माइनस 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में यहां दो डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ा है लेकिन बर्फ जमने का सिलसिला चूरू और इससे सटे बीकानेर के जिलों में शामिल है। तापमान में आए बदलाव के बाद भी सर्दी से कोई खास राहत नहीं मिल पा रही है।
धूप में भी सर्दी का अहसास हो रहा है। सोमवार दोपहर तक धूप पूरी तरह खिल गई लेकिन इसके बाद भी गर्म कपड़ों के बिना निकलना मुश्किल हो रहा है। खासकर दुपहिया वाहन पर चलने वालों को सर्दी खास परेशान कर रही है। बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़, खाजूवाला, श्रीकोलायत, नोखा, बज्जू व पूगल में भी सर्दी का असर नजर आ रहा है। मैदानी एरिया होने के कारण यहां सर्दी ज्यादा पड़ रही है।