श्रीगंगानगर
इलाके में इन दिनों सर्दी तीखे तेवर दिखा रही है। शहर में धूप तो खिल रही है लेकिन तापमान में कमी से सड़कों पर निकलने वालों के हाल बेहाल हैं। वे ऊनी कपड़ों से सर्दी से बचाव की कोशिश तो कर रहे हैं, अल सुबह जबर्दस्त सर्दी परेशान कर रही है। अल सुबह दिन और रात का तापमान लगभग बराबर रह रहा है। रविवार देर रात तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस था वहीं सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे यह पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यानी मैक्सिमम और मिनिमम टेंप्रेचर में महज दशमलव सात डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा।
पूरा दिन सर्दी के तेवर रहे तीखे
पूरा दिन सर्दी के तेवर तीखे रहे। दिन चढ़ने के साथ दिन के तापमान में तेजी तो आई लेकिन दोपहर ढाई बजे तक यह 22.4 डिग्री सेल्सियस तक ही पहुंच पाया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिन में इलाके में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस बनने के चलते तापमान में कुछ और कमी आने की आशंका है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इलाके में अब सर्दी और बढ़ सकती है।
वहीं खेती के लिहाज से अब और अधिक पाला पड़ना परेशानी का कारण बन सकता है। सरसों की फसल को इससे नुकसान हो सकता है। ऐसे में इन दिनों पड़ रही तेज सर्दी किसानों के लिए भी चिंता का कारण बनी हुई है।