बीकानेर
शिक्षा विभाग के अनेक कार्यालयों में डेपुटेशन पर बैठे टीचर्स व कर्मचारियों को हटाने के आदेश नहीं हुए हैं। उनका डेपुटेशन जारी रहेगा। पिछले दिनों अतिरिक्त मुख्य सचिव पवन कुमार गोयल ने एक आदेश जारी करके अन्य विभागों में कार्यरत शिक्षा विभाग के टीचर्स व अन्य कर्मचारियों को वापस विभाग में बुलाने के आदेश दिए थे। इसके विपरीत शिक्षा विभाग में डेपुटेशन पर चल रहे कार्मिकों को ही रिलीव करना शुरू कर दिया गया। ऐसे में गोयल को अपने ही आदेश का स्पष्टीकरण जारी करना पड़ा है।
पूर्व में जारी आदेश में भी ये स्पष्ट किया गया था कि शिक्षा विभाग में डेपुटेशन पर चल रहे टीचर्स व कर्मचारियों को रिलीव नहीं किया जाएगा। फिर भी आदेश को पढ़े बिना कई जिलों में डेपुटेशन पर चल रहे कर्मचारियों व टीचर्स को रिलीव कर दिया। दरअसल, विभाग में कई योजनाओं में कार्यरत टीचर्स व कर्मचारी डेपुटेशन पर ही है। उन योजनाओं में किसी कर्मचारी की नियुक्ति नहीं होती। ऐसे में डेपुटेशन से ही योजनाएं चलती है। गोयल के आदेश के बाद योजनाओं में कार्यरत कर्मचारियों में हडकंप मच गया। कई अधिकारियों ने तो इन्हें रिलीव भी कर दिया। हालांकि उस आदेश में ही स्पष्ट था कि शिक्षा विभाग में डेपुटेशन जारी रहेगा।
अब एक नया आदेश जारी करके स्पष्ट किया गया है कि किसी भी कर्मचारी व टीचर्स को शिक्षा विभाग में डेपुटेशन पर होने पर रिलीव नहीं किया जाएगा। साथ ही अगर कोई कार्मिक रिलीव किया गया है तो उसके आदेश तुरंत निरस्त किया जाए।