बीकानेर
बीकानेर शहर की सबसे बड़ी रेलवे क्रासिंग समस्या का समाधान करने के लिए राज्य सरकार ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए एक बार फिर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार हो गई है। इसी आधार पर रेलवे से अंतिम बातचीत होना शेष है। ये कहना है बीकानेर के प्रभारी मंत्री लालचंद कटारिया का। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन रेलवे के साथ संवाद शुरू कर रहा है। जल्द ही इस मुद्दे पर हम किसी न किसी निर्णय पर पहुंच जाएंगे।
यहां पत्रकारों से बातचीत में कटारिया ने कहा कि इस बड़ी समस्या का समाधान करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रयास हो रहे हैं। फिलहाल डिटेल प्रोजेक्ट बन गया है। जिसमें एक रोड अंडरब्रिज बनाने का प्रस्ताव है। ये रेल पटरियों दोनों तरफ होगा। जिससे यातायात का दबाव पटरियों के कारण बाधित नहीं होगा। जिला कलक्टर नमित मेहता की उपस्थिति में कटारिया ने कहा कि अंडर पास और ओवर ब्रिज को लेकर बात चल रही है। संभव है कि अंडर पास बनने पर सहमति बन जाए। बाद में स्वयं कलक्टर ने कहा क अंडर पास बनाने के लिए प्रस्ताव दिया गया है। इस पर रेलवे के कुछ सुझाव है। इन पर विचार किया जा रहा है। जल्दी ही इस मुद्दें पर अंतिम निर्णय हो जाएगा।