मुंबई
मिस यूनिवर्स 2021 का खिताब हासिल कर चुकीं हरनाज संधू ने खास बातचीत करते हुए खिताब की खुशी, यहां तक पहुंचने का संघर्ष, श्रेय आदि के बारे में बताया। पढ़िए बातचीत का अंश :
यहां तक पहुंचने का संघर्ष कैसा और क्या रहा?
अपने संघर्ष को अगर शब्दों में बयां करूं, तब बहुत मुश्किल होगा। मुझे सिर्फ 30 दिन मिले थे कि अपनी ट्रेनिंग पर काम करूं। यह मेरे और मेरी टीम के लिए बहुत बड़ा चैलेंज रहा। वह कहते हैं कि हर चीज बड़ी मुश्किल से मिलती है, पर नामुमकिन नहीं है। अगर आप किसी चीज को शिद्दत से चाहो, तब उस चीज के लिए पूरी कायनात आपका साथ देती है। मैं हमेशा ऐसे आगे बढ़ती रही। इस सफर में कभी-कभी ऐसा भी लगा कि अब मुझसे नहीं हो पाएगा, पर हमेशा यह सोचती थी कि अगर तुम करोगी, तब हो जाएगा। अगर किसी चीज को अचीव करना चाहती हो, तब इतनी मेहनत तो करनी ही पड़ेगी। अब देखिए, मेहनत रंग लाई और उसका फल भी मिल गया।
आप एक्टिंग से जुड़ी रही हैं। बेशक, एक्टिंग में करियर बनाना चाहेंगी?
जी हां। एक्टिंग के थ्रू ही मैं अपने पैशन को फॉलो करती हूं, पर मैं कोई नॉर्मल एक्ट्रेस नहीं बनना चाहती हूं। मैं ऐसी एक्ट्रेस बनना चाहती हूं, जो स्टीरियोटाइप को ब्रेक करे। औरतें क्या हैं और वे क्या कर सकती हैं। इसके लिए स्ट्रॉन्ग कैरेक्टर चूज करना चाहती हूं। आज की लाइफ स्टाइल में लोग मूवी से बहुत इनफ्लुएंस महसूस करते हैं। इस तरीके से मैं अपने पैशन को फॉलो करते हुए अपनी एक्टिंग से लोगों को इंस्पायर करना चाहती हूं।