श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर जिले में रविवार को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस असर दिखाने लगा। इससे जिले के श्रीगंगानगर, रायसिंहनगर, मुकलावा आदि इलाकों में बूंदाबांदी हुई। जिले के ग्रामीण अंचल में कोहरे का असर तेज रहा जबकि शहरी इलाकों में शनिवार के मुकाबले विजिबिलिटी कुछ ज्यादा रही। इस बीच इलाके में तेज सर्दी पड़ रही है। हलकी बूंदाबांदी से इसके तेवर और ज्यादा तीखे हो गए। सड़क किनारे अलाव जलाकर लोग सर्दी से निजात पा रहे हैं वहीं चाय की थड़ियों पर सुबह लोगों की संख्या बढ़ी है।
सुखाड़िया सर्किल पर जले अलाव
शहर के सुखाड़िया सर्किल पर अल सुबह लोग अलाव जलाते नजर आए। वहीं शहर से बाहर निकलने वाले रास्तों पर कोहरा भी कुछ ज्यादा रहा। सड़क किनारे भटि्टयां लगाकर मूंगफली बेचने वाले भी सर्दी से बचाव का जतन करते दिखे। सुबह हलकी बूंदाबादी से सड़कें मामूली भीगीं। वहीं मेन रोड पर लोगों की आवााजाही भी अपेक्षाकृत कम रही।
सर्दी तेज होने की चेतावनी
मौसम विभाग ने इलाके में सर्दी तेज होने की चेतावनी दी है। इस दौरान 28 दिसम्बर तक हलकी वर्षा हो सकती है। रविवार को इसका असर नजर भी आया। अगले दो दिन तक हालात ऐसे ही रह सकते हैं। सर्दी के तेवर तीखे होने के मद्देनजर इलाके में अब सड़क किनारे ऊनी कपड़ों की अस्थाई दुकानें सजने लगी हैं वहीं सड़कों पर ऊनी कपड़ों और जुराबों के ठेले भी दिखने लगे हैं। जिले के रायसिंहनगर इलाके में सोमवार को तेज कोहरा रहा। वहां भी हलकी बूंदाबांदी हुई।