जयपुर
ग्रामीण विकास अधिकारी (VDO) भर्ती परीक्षा के बाद घर लौटने की अफरा-तफरी में छात्रों में ने जमकर उत्पात मचाया। जयपुर,उदयपुर में जाम लगा दिया तो भरतपुर, अजमेर, अलवर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में हालत बेकाबू रहे। इस वजह से आम लोगों को भी परेशान होना पड़ा। बताया जा रहा है कि शासन-प्रशासन ने पर्याप्त बसों की व्यवस्था नहीं की।
असल में सरकार ने परीक्षार्थियों के लिए रोडवेज बसों में फ्री यात्रा की सुविधा दी है, जिसके तहत अभ्यर्थी परीक्षा से 1 दिन पहले और 1 दिन बाद तक सफर कर सकते हैं। अभ्यर्थी ज्यादा और बसें कम होने की वजह से राजस्थान सरकार की यह सुविधा अभ्यर्थियों के लिए दुविधा बन गई है। इसकी वजह से प्रदेशभर में कड़कड़ाती ठंड में हजारों अभ्यर्थियों को परेशान होना पड़ रहा है। जयपुर में जहां नाराज अभ्यर्थियों ने नारायण विहार के पास हाईवे पर जाम लगा दिया। वहीं उदयपुर में 5 हजार वाहनों का जाम लग गया।