बीकानेर
बीकानेर स्थित वेटरनरी विश्वविद्यालय के संघटक एवं सम्बद्ध वेटरनरी कॉलेजों में उपलब्ध स्टेट कोटा सीटों पर BVSc & AH डिग्री कोर्स (सत्र 2021-22) में प्रवेश आवंटन के लिए RPVT-2021 ऑनलाईन काउंसलिंग के लिए एक अवसर और दिया गया है।
राजस्थान वेटरनरी युनिवर्सिटी ने रजिस्ट्रेशन की तिथि बढ़ाकर अब पंद्रह जनवरी 2022 कर दी है। पूर्व में निर्धारित 31 दिसम्बर, 2021 से बढ़ाकर अब 15 जनवरी की गई है। उम्मीद की जा रही है कि डेट्स बढ़ने का ये अंतिम अवसर होगा। दरअसल, अब मेडिकल कॉलेज में एडमिशन का प्रोसेस भी शुरू हो गया है। ऐसे में आगे डेट्स बढ़ने की उम्मीद कम है। चेयरमैन, केन्द्रीय स्नातक प्रवेश मण्डल प्रो. आर.के. सिंह ने बताया कि बी.वी.एस.सी. एण्ड ए.एच. सत्र 2021-22 में प्रवेश के लिए काउंसलिंग हेतु ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन आवश्यक है जो कि 15 जनवरी, 2022 तक जारी रहेगा। इस सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाईट www.rajuvas.org पर उपलब्ध है। प्रदेश के सात वेटरनरी कॉलेज में एडमिशन होने हैं, जिसमें तीन सरकारी व चार प्राइवेट है। इन सभी में इसी काउंसलिंग के माध्यम से एडमिशन दिया जाएगा। आमतौर पर मेडिकल कॉलेज में एडमिशन की काउंसलिंग खत्म होने के बाद स्टूडेंट्स वेटरनरी की ओर जाते हैं। ऐसे में इस बार भी वेटरनरी कॉलेज में एडमिशन मेडिकल कॉलेज के बाद ही खत्म होंगे।