बीकानेर. नगर निगम में 19 महीनों बाद बुधवार को पार्षदों का मनोनयन हो गया। राज्य सरकार ने निगम में 12 पार्षद मनोनीत किए है। स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक एवं विशिष्ठ सचिव दीपक नंदी ने बीकानेर नगर निगम सहित प्रदेश की कई स्थानीय निकायों में पार्षदों के मनोनयन के आदेश जारी किए।
डीएलबी की ओर से जारी आदेश के अनुसार बीकानेर नगर निगम में प्रदीप कुमार नायक, मोहम्मद असलम,राजेश आचार्य, श्रीमती निर्मला वलवेश चांवरिया, विनोद कोचर, जावेद खान, मनोज किराडू, नितिन वत्सस, आजम अली, शशिकला राठौड़, किशन लाल तंवर, अभिषेक गहलोत को पार्षद मनोनीत किया गया है। इन 12 पार्षदों के साथ अब नगर निगम में निर्वाचित और मनोनीत पार्षदो की संख्या 92 हो गई है। 80 वार्डो से80 निर्वाचित पार्षद है।
15 प्रतिशत पार्षद मनोनीत
नगरीय निकायों में वार्डो की कुल संख्या के दस प्रतिशत पार्षदों का मनोनयन अब तक होता आया है। नगर निगम में कुल निर्वाचित पार्षदों की संख्या 80 है। इस बार पन्द्रह प्रतिशत पार्षदों का मनोनयन किया गया है। 12 मनोनीत पार्षदों में दो महिला पार्षद भी है। पिछले बोर्ड में 60 वार्ड होने पर छह पार्षद मनोनीत किए गए थे।
नेता प्रतिपक्ष पर नजर
निगम में पार्षदों के मनोनीत होने के बाद अब नेता प्रतिपक्ष का इंतजार शुरू हो गया है। हालांकि नेता प्रतिपक्ष को लेकर कांग्रेस पार्षदों की अन्र्तकलह कई बार सार्वजनिक हो चुकी है व धड़ेबंदी भी सामने आ चुकी है। नेता प्रतिपक्ष को लेकर धड़ों से जुड़े पार्षद जयपुर में प्रदेश पदाधिकारियों व मंत्रियों सहित विधायकों से मुलाकात कर अपना-अपना पक्ष रख चुके है। निगम का चुनाव नवम्बर 2019 में हुआ था व 19 महीनों से निगम को नेता प्रतिपक्ष नहीं मिल पाया है। अब तक निगम की हुई साधारण सभाएं बिना नेता प्रतिपक्ष के सम्पन्न हुई है। पार्षदों के मनोनीत होने के बाद नेता प्रतिपक्ष को लेकर राजनैतिक हल्कों में कयासों का दौर भी शुरू हो गया है। जबकि शहर कांग्रेस कमेटी से जुड़े पदाधिकारी नेता प्रतिपक्ष को लेकर कुछ भी बोलने से बच रहे है।
देहात महिला अध्यक्ष बनी मनोनीत पार्षद
बीकानेर देहात महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशिकला राठौड़ को नगर निगम में पार्षद मनोनीत किया गया है। राठौड़ को देहात पदाधिकारी होते हुए निगम में पार्षद मनोनीत करने से कांग्रेस में ही चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि शशिकला दो बार निगम का चुनाव लड़ चुकी है, लेकिन जीत हासिल नहीं हुई। एक बार बीपीएल कमेटी की अध्यक्ष भी रही है।