श्रीगंगानगर
एनएच 62 पर बिरधवाल चौकी के पास छतरगढ़ मोड़ पर शनिवार सुबह एक ट्रेलर पलट गया। ड्राइवर को हादसे का अनुमान हो जाने के कारण वह ट्रेलर का बैलेंस बिगड़ने के साथ ही इससे कूद गया। इससे हादसे में कोई बड़ा नुकसान तो नहीं हुआ लेकिन सड़क पर ग्रिट फैल जाने से रोड से गुजर रहे वाहन चालकों को परेशानी हुई।
सूरतगढ़ से बीकानेर की ओर जा रहा था ट्रेलर
सूरतगढ़-बीकानेर मार्ग पर सुबह करीब सात बजे के आसापास ट्रेलर चालक ग्रिट लेकर सूरतगढ़ से बीकानेर की तरफ जा रहा था। शुक्रवार को देर रात तक हुई बरसात से इस रोड पर जगह-जगह गड्ढे पड़ गए। वहीं इनमें पानी भर गया और कीचड़ भी फैल गया। ड्राइवर ने गड्ढे बचाते हुए निकलने का प्रयास किया लेकिन इसी दौरान ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक को हादसे की आशंका हो जाने से वह कूद गया। इससे बड़ा नुकसान नहीं हुआ। एनएच 62 पर पूरा दिन वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में हादसे के समय आसपास किसी छोटे वाहन के नहीं होने से कोई नुकसान नहीं हुआ। रोड पर वाहनों को हो रही परेशानी को देखते हुए हिंदौर टोल प्लाजा की टीम को बुलाया गया। टीम ने ट्रेलर को हटवाकर इसे एक तरफ रखवाया। वहीं दोपहर तक मौके से ग्रिट हटाया जा रहा था।