किसान प्रतिनिधि बोले, फसलों के लिए अमृत का काम कर रही है बारिश
हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। भाखड़ा सिंचाई प्रणाली की नहरों का रेग्यूलेशन निर्धारित करने को लेकर भाखड़ा रेग्यूलेशन कमेटी की बैठक शनिवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर नथमल डिडेल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में हनुमानगढ़ विधायक चौधरी विनोद कुमार, संगरिया विधायक गुरदीप सिंह शाहपीनी, जिला प्रमुख कविता मेघवाल, पंचायत समिति प्रधान प्रतिनिधि दयाराम जाखड़ सहित सिंचाई विभाग के अधिकारियों व किसान प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में किसान प्रतिनिधि बीके अध्यक्ष विनोद कड़वासरा ने बताया कि फरवरी माह में गेहूं की पकाई के लिए पानी की आवश्यकता है और जनवरी माह में बारिश के कारण पानी फसलों को मिल चुका है। बैठक में किसान प्रतिनिधियों की सहमति से 28 जनवरी तक चलने वाले रेग्यूलेशन को 12 जनवरी तक रखने व माह फरवरी में 2 फरवरी से 18 फरवरी तक 1200 क्यूसेक पानी स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया। 12 जनवरी से 1 फरवरी तक नहरबंदी रखने और वार प्रभावित न होने के लिए 2 फरवरी से पुन: रेग्यूलेशन जारी करना तय किया गया ताकि वारों की दुविधा किसानों को नहीं रहे। पंचायत समिति प्रधान प्रतिनिधि दयाराम जाखड़ ने कहा कि इस तरह की व्यवस्था भाखड़ा में पहली बार हुई है जहां विधायक व जिला कलक्टर की मध्यस्थता से सिंचाई विभाग के अधिकारियों व नहर अध्यक्षों के साथ बैठक कर सूझबूझ से रेग्यूलेशन को व्यवस्थित ढंग से तैयार किया गया। इससे बम्पर बिजाई हुई सरसों की फसल को 2 बारी पानी मिल गया और गेहूं की बिजाई के लिए 1 बारी पानी मिला। दूसरे पानी के रूप में बारिश का पानी मिला। 2 फरवरी से 18 फरवरी तक उक्त पानी का सही उपयोग गेहूं को तीसरे पानी के लिए उपयोग में लेकर किया जा सकेगा। बैठक में भाखड़ा के बागों के लिए नहरबंदी के दौरान भविष्य में पानी की डिग्गियां भरवाने का भी निर्णय लिया गया। इसके लिए कृषि व सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस मौके पर भाखड़ा प्रोजेक्ट चेयरमैन विजय जांगू, बलराज सिंह नाथवाना, हरिपुरा वितरिका अध्यक्ष जसवंत भाखर, अमरपुरा वितरिका अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह, प्रो. ओम जांगू, पंचायत समिति सदस्य विक्रम कलहरी, केसी गोदारा, एलएलडब्ल्यू चेयरमैन उस्नाक खान, अशोक चौधरी सहित अन्य किसान प्रतिनिधि मौजूद थे।