Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

तीसरी लहर में पहली बार एक दिन में 1.6 लाख केस; संसद में 402 स्टाफ संक्रमित, आधे कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम

संसद भवन के 402 स्टाफ की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके बाद राज्यसभा सचिवालय ने कर्मचारियों के ऑफिस आने पर पाबंदियां लगा दी है। नई गाइडलाइन के मुताबिक, अंडर सेक्रेटरी और एग्जीक्यूटिव अफसर के पद से नीचे के 50% अधिकारियों और कर्मचारियों को 31 जनवरी तक वर्क फ्रॉम होम दिया जाएगा। वहीं, सभी आधिकारिक मीटिंग वर्चुअली होंगी।

संसद के एक अधिकारी के मुताबिक, 4 से 8 जनवरी के बीच कुल 1409 स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों के कोरोना टेस्ट किए गए। संक्रमितों में लोकसभा के 200, राज्यसभा के 69 और संसद से जुड़े 133 कर्मचारी शामिल हैं। वैरिएंट की जांच के लिए सभी संक्रमितों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए लैब भेजे गए हैं।

इससे पहले राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने हालात की समीक्षा की। उन्होंने जनवरी के अंत में शुरू होने वाले बजट सेशन से पहले संक्रमण रोकने के लिए जरूरी उपाय करने के निर्देश दिए।

देश में कोरोना महामारी की तीसरी लहर में संक्रमण का आंकड़ा पहली बार डेढ़ लाख के आंकड़े को पार कर गया है। 24 घंटे में संक्रमण के 1 लाख 59 हजार 424 केस सामने आए हैं और 327 लोगों की मौत हुई है। आज 40,000 से ज्यादा लोग रिकवर हुए हैं।

वहीं, राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र (41,434), दिल्ली (20,181) और बंगाल (18,802) में सबसे ज्यादा संक्रमित मिले हैं। टॉप 10 राज्यों में ही 1.26 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आए हैं।

इससे पहले देश में शुक्रवार को 1 लाख 41 हजार 986 और गुरुवार को 1 लाख 17 हजार 100 नए मामले दर्ज किए गए थे। देश में अब तक 3.55 करोड़ लोग महामारी की चपेट में आ चुके हैं। वहीं ठीक होने वालों का आंकड़ा 3.44 करोड़ है। देश में अभी कुल एक्टिव केस का आंकड़ा 5 लाख 84 हजार 580 है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *