Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

रियाल मैड्रिड ने बार्सिलोना पर लगाया जीत का शतक, सुपर कप के फाइनल में किया प्रवेश

दिग्गज स्पेनिश फुटबॉल क्लब रियाल मैड्रिड ने बुधवार को स्पेनिश सुपर कप के सेमीफाइनल में बार्सिलोना को 3-2 से हरा दिया। रियाद के किंग फहाद स्टेडियम में खेले गए इस मैच को जीतकर मैड्रिड ने फाइनल में जगह बना लिया है। रियाल मैड्रिड की तरफ से बेहतरीन फॉर्म में चल रहे विनिसियस जूनियर, स्टार स्ट्राइकर करीम बेंजेमा और युवा मिडफील्डर फेडे वालवर्दे ने गोल किया। वहीं बार्सिलोना के लिए ल्यूक डी जोंग और अंसू फाटी ने गेंद को गोल पोस्ट के अंदर डाला।

रियाल ने मैच में आक्रामक अंदाज में शुरुआत की। इसका फायदा उन्हें मैच के 25वें मिनट में मिला, जब विनिसियस जूनियर ने सर्जियो बुस्केट्स की गलती का पूरा फायदा उठाते हुए शानदार गोल दागा। वहीं पहले हाफ की समाप्ति से कुछ देर पहले बार्सिलोना के ल्यूक डी जोंग ने गोल कर मैच को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद दूसरे हाफ में बार्सिलोना ने मैड्रिड की टीम पर दबाब डालने की कोशिश की लेकिन बेंजेमा ने मैच के 72वें मिनट में गोल कर मैड्रिड की टीम को 2-1 से आगे कर दिया। हालांकि मैच के 83वें मिनट में फाटी ने गोल कर मैच को फिर से बराबरी पर ला दिया। इसके बाद निर्धारित समय तक दोनों ही टीमें  कोई और गोल करने में सफल नहीं हो सकी।

इसके बाद एक्स्ट्रा टाईम के 8वें मिनट में मैड्रिड ने काउंटर अटैक के जरिए शानदार मूव बनाया। जहां युवा मिडफील्डर फेडे वालवर्दें ने रोड्रिगो से मिले बेहतरीन पास पर गोल कर टीम को जीत दिला दी। यह रियाल मैड्रिड की बार्सिलोना के उपर एल-क्लासिको में कुल 100वीं जीत थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *