बीकानेर
गायों सहित अनेक वन्य जीवों के लिए आरक्षित भूमि पर हुए आवासीय अतिक्रमणों को स्थायी करने के राज्य सरकार के निर्णय के खिलाफ पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी ने आंदोलन का बिगुल बजा दिया है। भाटी खुद बीकानेर में धरने पर बैठ गए हैं जबकि उनके समर्थन में श्रीदेशनोक में भी धरना दिया गया। भाटी ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने समय रहते ये निर्णय वापस नहीं लिया तो आने वाले दिनों में आमरण अनशन पर बैठे जाएंगे।
दरअसल, पिछले महीने सरकार ने एक आदेश जारी करके उन अतिक्रमणों को नियमित करने की छूट दे दी थी, जहां वर्षों से लोग रह रहे हैं। इसी के खिलाफ भाटी ने आंदोलन का बिगुल बजा दिया है। भाटी का कहना है कि सरकार के पास टाउनशिप प्लानिंग नहीं है, ऐसे में लोगों को इधर उधर मकान बनाकर रहना पड़ता है। बेहतर होगा कि सरकार जिस तरह पूल बनाने, बाइपास बनाने के लिए जमीनों का अधिग्रहण करके भुगतान करती है, वैसे ही इन जमीनों को भी खाली करवाए। भाटी ने साफ तौर पर कहा कि आने वाले दिनों में अगर सरकार ने ये निर्णय वापस नहीं लिया तो वो आमरण अनशन पर बैठ जाएंगे।