नागौर
नागौर में तेज रफ्तार लोक परिवहन सेवा की बस और कार में आमने-सामने की भिड़ंत में तीन सगे भाइयों सहित 5 की मौत हो गई। मरने वालों में तीनों भाइयों की बुआ भी शामिल है। घायलों पिता-पुत्री का जोधपुर में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि हादसा कोहरे के कारण हुआ। कार सवार रिश्तेदार की मौत पर शोक सभा में शामिल होकर लौट रहे थे। हादसा सदर थाना क्षेत्र के जोधपुर हाईवे पर चिमरानी गांव के पास शनिवार सुबह हुआ है।
SHO त्रिलोक वर्मा ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार रावों की ढाणी सोयला जोधपुर निवासी संजू (22) पुत्र दयालराम, राहुल (12) पुत्र दयालराम, सीता (65) पुत्री सुरताराम और रिश्तेदार भालीराम पुत्र गुलाबराम निवासी ओलादन की मौके पर ही मौत हो गई। अजय (10) पुत्र दयालराम, ज्योति (13) पुत्री दयालराम और दयालराम (42) पुत्र सुरताराम गंभीर घायल हो गए। तीनों घायलों को JLN हॉस्पिटल में प्राइमरी ट्रीटमेंट के बाद जोधपुर रेफर कर दिया गया है। अजय (10) पुत्र दयालराम की जोधपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। चार शव JLN हॉस्पिटल और अजय का शव जोधपुर हॉस्पिटल की मॉर्चुरी में रखवाया गया है। परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमाॅर्टम की कार्रवाई की जाएगी।