श्रीगंगानगर
जिले के सूरतगढ़ में शुक्रवार को सेना के एक हवालदार से बारह लाख रुपए की ठगी हो गई। हवालदार को फोन पर एक व्यक्ति ने खुद को बैंककर्मी बताकर ठग लिया। फोन करने वाले ने हवलदार को एक एप डाउनलोड करने को कहा। बाद में फोन पर आया ओटीपी पूछा और इसके कुछ देर बार ही हवलदार के खाते से बारह लाख रुपए निकल गए।
सूरतगढ़ में तैनात है पीड़ित
पीड़ित जितेंद्र कुमार बिहार के वजीरगंज का रहने वाला है और अभी सूरतगढ़ में तैनात है। उसने इस संबंध में सूरतगढ़ सदर थाने में दर्ज करवाए मामले में बताया कि उसके पास एक व्यक्ति का फोन आया और खुद को बैंककर्मी बताया। उसने जितेंद्र को बैंक खाते के लिए जरूरी एक एप डाउनलोड करने के लिए कहा। जितेंद्र आरोपी के बताए सभी स्टेप्स को फोलो करता गया। अंतत: आरोपी ने उससे फोन पर आया ओटीपी पूछा। ओटीपी बताने के कुछ देर बाद ही उसके बैंक खाते से बारह लाख रुपए निकलने का मैसेज आया तो वह चौंक गया।
बैंक से पता किया तो मिली रुपए निकलने की जानकारी
रुपए निकलने के कुछ देर बाद ही पीड़ित ने संबंधित बैंक से जानकारी जुटाई तो देश से बाहर के किसी व्यक्ति के उसके बैंक खाते को अपने कंट्रोल में लेकर रुपए निकालने की जानकारी मिली। जांच अधिकारी सूरतगढ़ सदर थाने के इंद्राज कुमार ने बताया किया, इस मामले में बैंक खाता बिहार के वजीरगंज की एसबीआई शाखा का है। इस बारे में स्थानीय बैंक शाखा से जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया देश से बाहर के किसी साइबर ठग का वारदात में हाथ होने की बात सामने आई है।