Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सुबह धुंध की चादर, दोपहर में हलकी धूप, लगातार कोहरे से सरसों को नुकसान

श्रीगंगानगर

इलाके में इन दिनों सर्दी जबर्दस्त असर दिखा रही है। शहरी क्षेत्र में पूरा दिन सूरज के दर्शन नहीं हो रहे वहीं ग्रामीण इलाकों में कही धुंध तो कही बादलों का डेरा है। कई जगह दोपहर में हलकी धूप निकली लेकिन यह सर्दी से ज्यादा राहत देने वाली साबित नहीं हो पाई। शहरी क्षेत्र में शनिवार सुबह से मौसम साफ रहा।

आसमान से उतरा कोहरा
जिले के जैतसर इलाके में सुबह आसमान से कोहरा उतरता नजर आया। यहां दोपहर बाद मौसम साफ हुआ तो हलकी धूप नजर आई लेकिन इससे भी सर्दी से ज्यादा राहत नहीं मिल पाई। पूरा दिन लोग सर्दी से बचाव करते नजर आए। ग्रामीण इलाकों के खेतों में भी सर्दी का असर दिखा। जिले के गांव घमंडिया और कई अन्य इलाकों में भी तेज सर्दी रही।

खेतों पर असर की आशंका
इलाके में पड़ रहे तेज कोहरे का असर खेतों पर पड़ने की आशंका है। किसानों ने बताया कि उनके इलाके में इन दिनों सरसों और गेहूं की फसलें हैं। गेहूं की फसल में तो अभी कोहरा कुछ लाभ दे सकता है लेकिन सरसों में फूल झड़ने से नुकसान हो सकता है। किसानों ने बताया कि सरसों के फूल कोहरे के कारण झड़ सकते हैं और फसल खराब हो सकती है।

तापमान में आएगी गिरावट
वेदर एक्सपर्ट बताते हैं 16 और 18 जनवरी को इलाके में वेस्टर्न डस्टर्बेंस असर दिखा सकता है। ऐसे में इन दो दिनों में तापमान में कमी आएगी। इस दाैरान हलकी बूंदाबांदी से सर्दी के तेवर और तीखे हाे सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *