Friday, May 1निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

शहर में सडक़ों के किनारे लगेंगे 30 हजार पौधे

बीकानेर. शहर को हरा-भरा बनाने और मानसून को मद्देनजर रखते हुए शहर में 30 हजार पौधे लगाए जाएंगे। ये पौधे शहर की सडक़ों के किनारे लगेंगे। नगर निगम और नगर विकास की ओर से सघन पौधारोपण किया जाएगा। गुरुवार को जिला कलक्टर नमित मेहता की अध्यक्षता में हुई बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को पौधरोपण अभियान को लेक आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मेहता ने सभी विभागों को पौधरोपण के लक्ष्य निर्धारित कर राज्य सरकार को शुक्रवार तक प्रस्ताव भिजवाने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की ओर से 4560 तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से 5 हजार पौधे लगाए जाएंगे। मेहता के अनुसार जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में वन विभाग 16 तथा पंचायत राज विभाग की ओर से 9 नर्सरिया विकसित की जाएगी। बैठक में वन विभाग की ‘घर-घर औषधि योजना’ की जानकारी दी गई।

स्कूली विद्यार्थी करेंगे एक-एक पौधे की देखभाल
पौधरोपण अभियान के तहत जिले के सरकारी स्कूलों में 48 पौधे लगाए जाएंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक-एक स्कूल को पौधरोपण के हिसाब से मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। मेहता के अनुसार इन स्कूलों में कक्षा 6 से 10 वीं तक के विद्यार्थियों को एक-एक पौधा देखभाल के लिए आंवटित किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र के 341 स्कूलों में लगभग 45 हजार तथा शहरी क्षेत्र की दस स्कूलों में लगभग 2 हजार 758 पौधे लगाए जाएंगे। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओम प्रकाश ने विभागवार प्रस्तावों की जानकारी दी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *