पुणे
पुणे में एक बेहद हैरान करने वाली घटना हुई है। सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ रही सरकारी बस के ड्राइवर को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ गया और वह ड्राइविंग सीट से गिर पड़ा। बस अनियंत्रित होकर खाई में गिरने लगी तो उसमें यात्रा कर रही एक महिला ने गजब का साहस दिखाकर 24 यात्रियों की जान बचा ली। महिला ने फुर्ती दिखाते हुए बस की स्टेयरिंग संभाली और उसे चलाते हुए बड़ी दुर्घटना होने से बचा ली। महिला के इस साहसी काम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो में वे बस चलाती हुई नजर आ रहीं हैं।
बहादुरी का यह कारनामा पुणे की रहने वाली योगिता धर्मेंद्र सातव ने किया है। 42 साल की योगिता ने न सिर्फ बस को 10 किलोमीटर चलाकर उसमें सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित उनके डेस्टिनेशन तक पहुंचाया, बल्कि बस के ड्राइवर को इलाज के लिए एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भी भर्ती कराया।