Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

राजस्थान में सीजन का सबसे घना कोहरा

जयपुर

राजस्थान का आधा हिस्सा घने कोहरे की चपेट में है। धुंध की वजह से 50 मीटर से ज्यादा दूर कुछ नजर नहीं आ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि पांच साल बाद राजस्थान में विजिबिलिटी 50 मीटर तक घट गई। इससे पहले 14 जनवरी 2016 को विजिबिलिटी 50 मीटर रिकॉर्ड की गई थी। प्रदेश में एक कम तीव्रता का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से ऐसी परिस्थितियां बनी है। शीतलहर के चलते कड़ाके की ठंड कम होने का नाम नहीं ले रही है। हालांकि 4-5 दिन बाद मौसम बदलने के आसार हैं। तब ठिठुरन से राहत मिल सकती है।

सोमवार को भी राजधानी जयपुर सहित 18 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। इससे कई जगहों पर सुबह 9 से 10 बजे के बाद सूरज नहीं दिखा। जहां कहीं धूप निकली भी तो सर्द हवाओं की वजह से गलन व ठिठुरन के बीच उसका असर न के बराबर रहा। फतेहपुर शेखावाटी में बीती रात को पारा गिरकर 2 डिग्री से नीचे चला गया। माउंट आबू में भी पारा लगातार 9वें दिन माइनस में रहा। जयपुर में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री रहा। यहां भी सुबह कोहरे की चादर बिछी रही।