हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। श्रीगंगानगर से रावतसर वाया हनुमानगढ़ मार्ग पर फर्जी परमिट के आधार पर लोक परिवहन बस संचालित करने की शिकायत मिलने के बाद परिवहन विभाग की ओर से मेगा हाइवे पर गांव शेरगढ़ के पास लोक परिवहन बस का चालान करने की कार्रवाई की गई। परिवहन निरीक्षक पवन चुघ की ओर से लोक परिवहन की बस नम्बर आरजे 18 पीए 7868 का चालान किया गया। समय सारणी नहीं होने, टैक्स बकाया होने व परमिट बीकानेर की बजाय सीकर से जारी किया हुआ मिला। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम हनुमानगढ़ आगार के यातायात प्रबंधक राकेश राय ने बताया कि पहले इस लोक परिवहन बस का परमिट जयपुर क्षेत्र की तरफ का था। अब बस मालिक की ओर से श्रीगंगानगर से रावतसर रूट का परमिट ले लिया गया है जो देखने में फर्जी प्रतीत हो रहा है। वह सीकर आरटीओ की ओर से जारी किया गया है।