Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

करण जौहर ने सुनाई ‘गहराइयां’ की कहानी, दीपिका की दमक के साथ हुआ ट्रेलर लॉन्च

मुंबई

करण जौहर की कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस के लिए 20 जनवरी 2022 का दिन एक नया अध्याय लेकर आया। उनकी कंपनी ने अपनी एक ऐसी एडल्ट फिल्म ‘गहराइयां’ का ट्रेलर इस दिन लॉन्च किया जिसे बनाने के बारे में शायद खुद करण जौहर ने भी ‘कभी खुशी कभी गम’ के दिनों में नहीं सोचा होगा। करण जौहर ने ट्रेलर लॉन्च के समय खुद कहा कि फिल्म ‘गहराइयां’ प्रेम, लालसा और तड़प की कहानी है। फिल्म का ट्रेलर भी दिखाता है कि सिद्धांत चतुर्वेदी और दीपिका पादुकोण के किरदार अपने अपने साथियों को छोड़ करीब आते हैं और पूछते भी है, ‘आर वी जस्ट मेस्ड अप पीपल?’ और, फिर एक दूसरे की बाहों में खो जाते हैं। ये नए जमाने की नई प्रेम कहानी है। ऐसी प्रेम कहानी जिसमें बेवफाई की भी अपनी वजहे हैं।

बशीर बद्र का शेर है, ‘कुछ तो मजबूरियां रही होगीं, यूं कोई बेवफा नहीं होता’। और, शायद इसी शेर का विस्तार है निर्माता निर्देशक शकुन बत्रा की फिल्म ‘गहराइयां’। फिल्म का करीब पौने तीन मिनट का ट्रेलर हिंदी सिनेमा की कोई बहुत नई कहानी तो नहीं कहता क्योंकि निर्देशकों यश चोपड़ा और विनोद पांडे ने बरसों पहले इस विषय को अपनी फिल्मों में खूब आजमाया और सफल भी रहे। लेकिन, शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान के दौर में बने प्रेम के नए मायनों के बाद उनकी अगली पीढ़ी अब प्रेम में भी अपनी आजादी में तलाश रही है।