श्रीगंगानगर
शहर के सुखाड़िया मार्ग स्थित टांटिया हॉस्पिटल पर गुरुवार अल सुबह दो अज्ञात युवकों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग सुबह करीब पांच बजे हुई। तब हॉस्पिटल का ज्यादातर स्टाफ पीछे के हिस्से में था। आगे की तरफ कोई स्टाफ मैंबर नहीं होने से घटना की सूचना भी नहीं मिली। सुबह करीब ग्यारह बजे सफाई के दौरान बुलेट के खोल मिले तो हॉस्पिटल मैनेजमेंट ने पुलिस को सूचना दी।
बाहर की तरफ है ओपीडी
अस्पताल दो हिस्सों में बना है। इसके आगे और पीछे की तरफ दो गेट हैं। आगे का गेट सुखाड़िया मार्ग पर और पीछे का गेट सुखाड़िया नगर में खुलता है। फायरिंग सुखाड़िया मार्ग की तरफ हुई। यहां हॉस्पिटल का ओपीडी होने के कारण रात को पेशेंट चैक करने के बाद इसे बंद करवा दिया जाता है। इस दौरान रात को आवाजाही के लिए पीछे का गेट खुला रहता है। ऐसे में सुबह वारदात के करीब छह घंटे बाद सुबह ग्यारह बजे हॉस्पिटल मैनेजमेंट को घटना की जानकारी मिली।
जानकारी मिलते ही किया पुलिस काे सूचित
टांटिया ग्रुप के जनरल मैनेजर और स्पोक्स पर्सन विकास सचदेवा ने बताया कि सुबह फायर के दौरान तेज आवाज भी हुई लेकिन अस्पताल के अगले हिस्से में कोई स्टाफ मैंबर नहीं होने के कारण किसी को घटना का अनुमान ही नहीं हुआ। सुबह ग्यारह बजे के आसपास यहां सफाई का काम शुरू हुआ तो कर्मचारी ने गोलियों के खोल देखे। इस पर उसने हॉस्पिटल के स्टाफ और मैनेजमेंट को सूचना दी। जांच करने पर हॉस्पिटल के सामने के शीशे पर तीन और पहली मंजिल के सामने की तरफ एक फायर होने की जानकारी मिली।
किसी पर नहीं जताया संदेह
ग्रुप के जीएम विकास सचदेवा ने बताया कि हॉस्पिटल पर दो युवकों ने गुरुवार सुबह पांच बजे फायर किए हैं लेकिन हॉस्पिटल मैनेजमेंट को अभी इस बारे में किसी पर कोई संदेह नहीं है। फायर किसने किए और क्यों किए हैं यह अभी स्पष्ट नहीं है। वहीं जवाहरनगर थाना के एसएचओ नरेश निर्वाण का कहना है कि हॉस्पिटल मैनेजमेंट ने शाम तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं करवाई है। हालांकि हॉस्पिटल पर चार फायर होने की बात सामने आई है। इस मामले में अभी जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग ली गई है।