प्रख्यात पटकथा लेखकों सलीम-जावेद पर एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनाने की चर्चा लंबे अरसे से चलती रही है। जाहिर जब भी ये डॉक्यूमेंट्री सामने आएगी तो सबसे ज्यादा जिस तथ्य को जानने के लिए लोग इसे देखना चाहेंगे, वह होगा कि आखिर इस जोड़ी की इन्हें बड़ा मौका देने वाले सुपरस्टार राजेश खन्ना से अनबन की वजह क्या रही? और, क्या वजह रही हिंदी सिनेमा के एंग्री यंगमैन कहलाए अमिताभ बच्चन से रिश्तों के चलते इन दोनों की जोड़ी टूटने की। सलीम-जावेद और अमिताभ बच्चन हिंदी सिनेमा में एक दूसरे के पूरक रहे हैं। ये जोड़ी टूटने के बाद जावेद अख्तर से तो फिर भी अमिताभ बच्चन के रिश्ते सामान्य रहे लेकिन सलीम खान और अमिताभ बच्चन के रिश्तों को लेकर तरह तरह की बातें सामने आती रही हैं। खुद सलीम खान इस बारे में पूछने पर ज्यादा कुछ नहीं कहते, उनकी चुप्पी में भी हजार जवाब छुपे होते हैं। हिंदी सिनेमा की कालजयी फिल्मों की सूची में शुमार फिल्म ‘दीवार’ भी इस तिकड़ी की कामयाब फिल्म रही है। अपने समय के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक भारत का प्रतिबिंब थी फिल्म ‘दीवार’।