बीकानेर
कोरोना संक्रमण के कारण प्रदेश में 30 जनवरी तक शहरी इलाकों में स्कूल बंद हैं। इधर, प्रदेश में लगातार कोरोना के केस और मौतों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। ऐसे में 31 जनवरी के बाद स्कूलों के खुलने की उम्मीद कम नजर आ रही है। 14 फरवरी के बाद कोरोना केस कम हुए तो स्कूल खुलने की संभावना बन सकती है। हालांकि शिक्षा विभाग ने स्कूल खोलने या नहीं खोलने को लेकर राज्य सरकार को किसी तरह का प्रस्ताव फिलहाल नहीं भेजा है, लेकिन ऐसी पूरी संभावना है कि स्कूल खोलने का निर्णय लेने में समय लगेगा। इस बीच, परीक्षाओं को लेकर भी संशय बना हुआ है।
दरअसल, स्कूल खोलने या बंद रखने का फैसला, शिक्षा विभाग के बजाय हेल्थ डिपार्टमेंट करेगा। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद ही स्कूल खुलेंगे। कोरोना के मौजूदा हालात देखते हुए लगता नहीं है कि हेल्थ डिपार्टमेंट ऐसी कोई मंजूरी देगा। बुधवार को ही राज्य के 33 में से सिर्फ छह जिलों में कोविड पॉजिटिव की संख्या सौ से कम रही है। तीन जिलों में तो यह हजार से ज्यादा थी। ऐसे में फरवरी के दूसरे या तीसरे सप्ताह तक ही स्कूल खुलने की संभावना बन सकती है।