बीकानेर
बीकानेर पुलिस ने अवैध रूप से पिस्टल और जिंदा कारतूस लेकर घूम रहे एक युवक काे जयनारायण व्यास कॉलोनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ये युवक श्रीडूंगरगढ़ के गुंसाईसर बड़ा गांव का रहने वाला है और इन दिनों जयनारायण व्यास कॉलोनी में घूम रहा था।
बीकानेर पुलिस लंबे समय से बीकानेर में अवैध हथियारों के साथ युवकों को गिरफ्तार कर रही है, इसके बाद भी युवाओं का ये शौक कम नहीं हो रहा है। जिले के सभी थानों में अवैध हथियार रखने वालों की धरपकड़ हो रही है। बुधवार को जय नारायण व्यास कॉलोनी थानाधिकारी महावीर प्रसाद के नेतृत्व में एक युवक खेताराम पुत्र सोहनलाल जाट को गिरफ्तार किया गया। खेताराम महज 22 साल का युवक है और श्रीडूंगरगढ़ के गुंसाईसर का रहने वाला है। उसके पास पिस्टल होने की सूचना पुलिस को पहले से थी। पिछले कई दिनों से जयनारायण व्यास कॉलोनी उसका पीछा कर रही थी। बुधवार को आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि अन्य साथियों का पता लगाया जा रहा है, जिनके पास हथियार है। इस कार्रवाई में व्यास कॉलोनी के एसआई मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल विजय सिंह, रोहिताश, रघुवीर दान, सूर्यप्रकाश, कपिल की मुख्य भूमिका रही।