श्रीगंगानगर
शहर के नजदीक गांव लालगढ़ जाटान से कुछ आगे बनवाली रोड पर रविवार अल सुबह दो ट्रेलर भिड़ गए। इससे दोनों ट्रेलर में आग लग गई। हादसा होते ही दोनों ट्रेलरों के ड्राइवर और क्लीनर मौके से भाग गए। ऐसे में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। दोनों ट्रेलरों में से एक में रेता भरा था, जबकि दूसरा खाली था।
सुबह करीब तीन बजे हुआ हादसा
हादसा गांव लालगढ़ जाटान से कुछ आगे बनवाली रोड पर सुबह करीब तीन बजे के आसपास हुआ। इन ट्रेलरों में एक पंजाब से लालगढ़ की तरफ आ रहा था, जबकि दूसरा लालगढ़ से पंजाब की तरफ जा रहा था। इनमें से एक में रेता भरा था तथा दूसरा खाली था। दोनों ट्रेलरों में तेज भिड़ंत की आवाज से आसपास के किसानों को हादसे की जानकारी मिली।
किसानों काे मिले खाली ट्रेलर
आसपास के खेतों से किसान मेन सड़क पर पहुंचे ताे दोनों ट्रेलरों में आग लगी हुई थी। किसानों ने दोनों ट्रेलरों के केबिन देखे तो उनमें कोई नही था। आसपास भी कोई नजर नहीं आने पर लालगढ़ जाटान थाना पुलिस को सूचना दी गई। थाने से मौके पर पहुंचे रणवीर सिंह ने फायर ब्रिगेड को सूचित किया। मौके पर श्रीगंगागनर और सादुलशहर से फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां पहुंची। फायर ब्रिगेड ने करीब तीन से चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
गड्ढे़ बचाने के चक्कर में आमने-सामने होने की आशंका
दोनों ट्रेलर चालकों के गड्ढे़ बचाने के चक्कर में आमने-समने होने की आशंका जताई जा रही है। लालगढ़ जाटान थाने से पहुंचे रणवीर सिंह ने बताया कि सादुलशहर और श्रीगंगानगर से पहुंची फायर ब्रिगेड ने सुबह करीब सात बजे तक आग पर काबू पा लिया। दोनों ट्रेलरों के केबिन जांच लिए गए हैं। इनमें कोई खलासी या क्लीनर नहीं मिला है। पुलिस दोनों ट्रेलरों के मालिकों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।