Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

आज से फिर खुलेंगे शहरी क्षेत्र के स्कूल

  • 10वीं से 12वीं तक की कक्षाएं होंगी शुरू
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    कोरोना की तीसरी लहर पर कुछ हद तक अंकुश लगने के बाद राज्य सरकार के निर्देशानुसार मंगलवार से शहरी क्षेत्र के स्कूलों में भी फिर से रौनक लौटेगी। राज्य सरकार की ओर से जारी कोरोना की नई गाइड लाइंस के तहत प्रदेश में 10वीं और 12वीं तक के स्कूल 1 फरवरी से खुलेंगे। जबकि 6 से 9वीं तक की कक्षाएं 10 फरवरी से शुरू होंगी। हालांकि विद्यार्थियों को माता-पिता की लिखित सहमति के बाद ही स्कूल आने की अनुमति होगी। स्कूलों को आॅनलाइन पढ़ाई का विकल्प जारी रखना होगा। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हंसराज जाजेवाल ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार पहले से ही ग्रामीण क्षेत्र के सभी विद्यालय आॅफलाइन खुले हुए हैं। विद्यालय संचालकों को कोविड गाइड लाइन की पालना करने के लिए निर्देशित किया हुआ है। ग्रामीण विद्यालयों में अध्ययनरत 15 से 18 साल तक के बच्चों के कोविड-19 वैक्सीनेशन का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। जबकि शहरी क्षेत्र के विद्यालयों में अध्ययनरत 15 से 18 साल तक के बच्चों के भी वैक्सीनेशन करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार मंगलवार से शहरी क्षेत्र के विद्यालयों में भी 10 से 12 तक की कक्षाएं शुरू होंगी। इसके बाद 10 फरवरी से 6 से 9 तक की कक्षाएं भी शुरू हो जाएंगी। गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से शहरी क्षेत्र में संचालित निजी विद्यालयों के संचालकों की ओर से भी राज्य सरकार से स्कूल खोलने की अनुमति देने की मांग की जा रही थी।