लंदन
किडनी कैंसर की दवा से दिल के मरीजों का इलाज किया जा सकेगा। यह दावा हाल ही में किए गए एक अध्ययन में किया गया है। कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं का कहना है कि एल्डेसल्युकिन दवा का इस्तेमाल वर्तमान में किडनी कैंसर के मरीजों के इलाज में किया जा रहा है।
यह दवा हार्ट फेल होने का खतरा कम करती है। इतना ही नहीं पहले से हार्ट अटैक से जूझ रहे मरीजों में तेजी से सुधार भी होता है। शोधकर्ताओं का दावा है कि यह दवा दिल के मरीजों में रिकवरी को एक हफ्ते के अंदर 75 फीसदी तक तेज कर देती है।
ब्रिटेन की स्वास्थ्य एजेंसी एनएचएस कैंसर के इलाज में इस दवा का इस्तेमाल कर रही है। शोधकर्ताओं का कहना है कि दिल के मरीजों को एल्डेसल्युकिन दवा से सुधार देखा गया है। इसके अलावा यह दवा हृदय में ऐसे नकारात्मक बदलाव होने से रोकती है, जिसे सही नहीं किया जा सकता। शुरुआती परीक्षण में यह साबित भी हुआ है।
शोधकर्ताओं का कहना है कि दिल तक ब्लड की आपूर्ति न होने पर हार्ट अटैक होता है। ऐसे मामलों में हार्ट की मांसपेशियां प्रभावित होती हैं। 10 में से सात मरीज ठीक तो हो जाते हैं, लेकिन जो डैमेज हुआ है वह ताउम्र बरकरार रह सकता है। साथ ही भविष्य में हार्ट फेल होने की स्थिति बन सकती है।