सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर। यहां निमार्णाधीन श्रीगंगानगर राजकीय मेडिकल कॉलेज का बुधवार को विधायक राजकुमार गौड़ के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग एवं चिकित्सा शिक्षा के अधिकारियों ने अवलोकन किया। निर्माण की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए विधायक ने कहा कि प्रथम वर्ष की कक्षाओं के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना इस वर्ष मार्च अंत तक तैयार कर ली जाएगी। गौड़ ने बताया कि वर्ष 2022 में प्रथम वर्ष की कक्षाएं शुरू करने के लिए युद्ध स्तर पर निर्माण जारी है। फर्स्ट फ्लोर पर अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने निर्माण कार्य एजेंसी आरएसआरडीसी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. दिनेश कुमार सिंघल को निर्देश देते हुए कहा कि प्रथम तल पर फ्लोरिंग का काम पूर्ण होते ही विद्यार्थियों की कक्षाओं और फर्नीचर संबंधी कार्य किया जाए ताकि जल्द से जल्द एमबीबीएस विद्यार्थियों के लिए मेडिकल कक्षाएं शुरू की जा सके।
मेडिकल कॉलेज समन्वयक डॉ. अभिषेक क्वात्रा और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एचएस कुमार ने भी डॉ. सिंघल को एलओपी के पहले चरण के तहत एकेडमिक विंग, लेक्चर थिएटर, फिजियोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री और लाइब्रेरी का काम जल्द पूर्ण करने के निर्देश देते हुए बताया कि एमसीआई की टीम कभी भी उक्त निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के लिए श्रीगंगानगर मेडिकल कॉलेज पहुंच सकती है। इसलिए समय रहते आवश्यक तैयारियां और निर्माण कार्य पूर्ण रखे जाएं।