नई दिल्ली
भारत और वेस्टइंडीज के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा था। रोहित शर्मा पहली बार विराट कोहली के कप्तान थे, क्योंकि विराट कोहली अब किसी भी प्रारूप में टीम इंडिया के कप्तान नहीं हैं। वहीं, रोहित शर्मा मौजूदा समय में टीम इंडिया के सीमित ओवरों के कप्तान हैं और पहली बार नियमित कप्तान के रूप में वनडे इंटरनेशनल मैच खेल रहे हैं। विराट कोहली भी पहली बार उनकी कप्तानी में खेल रहे हैं, जबकि अहमदाबाद में खेले जा रहे इस वनडे मैच में दोनों के बीच कप्तान और लीडर वाला तालमेल देखने को मिला।
दरअसल, वेस्टइंडीज की पारी के 17वें ओवर के बाद ड्रिंक्स टाइम हो गया था और जब फिर से मैच शुरू हुआ तो विराट कोहली और कप्तान रोहित शर्मा ने साथ में फील्डिंग सेट की। दोनों के बीच कुछ बातें भी हुईं और फिर मैच शुरू हो गया। इस पूरे वाकये से साफ लगता है कि रोहित शर्मा भले ही अब कप्तान हैं, लेकिन विराट कोहली भी लीडर हैं, जिसका जिक्र उन्होंने हाल ही में एक इंटरव्यू में किया था कि अब वे कप्तान नहीं हैं, लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि वे लीडर नहीं हैं। एमएस धोनी की तरह वे हमेशा एक लीडर के तौर पर टीम की मदद करते रहेंगे और ऐसा ही पहले वनडे मैच में देखने को मिला।