Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पौने 19 हजार में से साढ़े 13 हजार को मिला लाभ, 2 माह में 6100 के बिजली बिल शून्य

जितेन्द्र शर्मा
श्रीगंगानगर।
किसानों के कृषि बिलों पर होने वाले खर्च को शून्य करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि जिले में माह में छह हजार से अधिक किसानों के बिजली बिल का खर्च शून्य हो चुका है। पिछले दो माह में सबसे अधिक पदमपुर और सूरतगढ़ क्षेत्र के किसानों ने अपने बिजली बिल शून्य करने बाजी मारते हुए सर्वाधिक लाभ उठाया है। सरकार द्वारा किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए सरकार द्वारा मुख्यमंत्री किसान मित्र ऊर्जा योजना शुरू की गई है। योजना के माध्यम से किसानों को बिजली दरों पर प्रति माह एक हजार अथवा अधिकतम 12 हजार रु. प्रतिवर्ष अनुदान दिया जा रहा है। ताकि किसानों पर बिल का भार कम होगा और उन्हें बिजली बिल भरने में ज्यादा परेशानी ना हो। निगम से मिली जानकारी अनुसार जिले में दिसम्बर और जनवरी माह में 18884 कृषि उपभोक्ता (सामान्य श्रेणी उपभोक्ता) है। इनमें से 13692 उपभोक्ता ऐसे है जिन्हें एक-एक हजार की सब्सिडी मिली है। जबकि इनमें से 6109 ऐसे हैं जिनका बिल शून्य हुआ है। योजना के तहत यदि कोई किसान बिजली का उपभोग कम करता है और उसका बिल एक हजार रुपये से कम है, तो वास्तविक बिल एवं अनुदान राशि की अंतर राशि उसके बैंक खाते में जमा करवाई जा रही है। जिसके चलते कई किसानों का बिल शून्य हो चुका है। इससे बिजली बिल के एवज में खर्च होने वाली राशि किसान को बचने से वह इसका उपयोग अपनी खेती-किसानी को और बेहतर करने में लगा सकेंगे।