Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

शहरी क्षेत्र में कक्षा 6 से 9 तक के स्कूल भी खुले

हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार गुरुवार से प्रदेश के शहरी क्षेत्र में कक्षा 6 से 9वीं तक के स्कूल भी खुल गए। विद्यार्थी कोरोना गाइड लाइन की पालना करते हुए मास्क लगाकर स्कूल पहुंचे। पहले दिन करीब 25 प्रतिशत बच्चे स्कूल पहुंचे। अब धीरे-धीरे शहरी क्षेत्र के विद्यालयों में भी फिर से रौनक लौटने लगी है। इससे पहले 1 फरवरी से कक्षा 10 से 12वीं तक के स्कूल खुले थे। विद्यार्थियों को माता-पिता की सहमति से स्कूल आने की अनुमति होगी। हालांकि अभी तक शहरी क्षेत्र में पहली से पांचवीं तक के स्कूल खोलने को लेकर सरकार की तरफ से अभी कोई दिशा-निर्देश जारी नहीं हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूल पहले से ही चालू हैं। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने स्कूल खोलने की गाइड लाइंस 28 जनवरी को जारी की थी। जिसके अनुसार 10वीं से 12वीं तक के स्कूल 1 फरवरी से खोल दिए गए थे। नए दिशा-निर्देशों में यह भी कहा गया है कि स्कूल खुलने के बावजूद छात्र-छात्राओं के पास आॅनलाइन शिक्षा का विकल्प भी बना रहेगा। गृह विभाग के आदेश के बाद राज्य के शिक्षा विभाग ने भी स्कूल खोलने के आदेश जारी कर दिए थे। गहलोत सरकार ने प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ने की वजह से पिछले महीने स्कूल बंद कर दिए थे।