नया टीबी रोगी खोजने पर मिलेगी 500 रुपए की प्रोत्साहन राशि
by seemasandesh
कम्युनिटी वॉलंटियर, आशा सहयोगिनियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिलेगी प्रोत्साहन राशि हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के अंतर्गत कम्युनिटी वॉलंटियर, आशा सहयोगिनी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को समुदाय में नए टीबी रोगी की खोज करने पर 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा, खुद मरीज भी स्वयं के लिए प्रोत्साहन राशि प्राप्त कर सकते हैं। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि राज्य स्तर से प्राप्त निर्देशानुसार एनटीईपी के अंतर्गत कम्युनिटी वॉलंटियर, आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की ओर से समुदाय में नए टीबी के रोगी की खोज करने पर 500 रुपए की प्रोत्साहन राशि देय की जाएगी। यदि कोई मरीज स्वयं आकर कहता है कि मेरी टीबी की जांच की जाए और वह टीबी का पॉजीटिव मरीज निकलता है, तो उस मरीज को भी स्वयं की जांच करवाने के लिए 500 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. रविशंकर शर्मा ने बताया कि आशा सहयोगिनी व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का नए टीबी रोगी खोजने में प्रमुख योगदान रहा है।