Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सम्पर्क पोर्टल प्रकरणों को समय पर निस्तारित करें अधिकारी : एसडीएम

ब्लॉक बैठक में 9 में से 5 प्रकरणों का निस्तारण
सीमा सन्देश न्यूज. रायसिंहनगर।
उपखंड कार्यालय में एसडीएम अर्पिता सोनी की अध्यक्षता में ब्लॉक स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कुल 9 प्रकरणों पर चर्चा की गई। इनमें से पांच प्रकरण निस्तारित कर शेष चार प्रकरणों के लिए संबंधित अधिकारी को आगामी बैठक से पूर्व निस्तारण करने के दिए निर्देश दिए। वहीं निस्तारण किए गए प्रकरणों में से 4 विकास अधिकारी पंचायत समिति से संबंधित थे। कुलवंत सिंह निवासी 85 एलएलपी ने गली आम में अतिक्रमण की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत की जांच करवाई जाने पर पाया कि प्रार्थी ने रंजिशवंश शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं दूसरा प्रकरण गली में शौचालय बनाकर अतिक्रमण करने की शिकायत का रहा। प्रार्थी उमेश कुमार की शिकायत पर शौचालय हटाने के निर्देश दिए गए। अन्य प्रकरण गांव 11 पीएस की गली में बने बाबा रामदेव मंदिर के अतिक्रमण संबंधी प्रार्थी बुधराम ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत की जांच करवाए जाने पर विकास अधिकारी ने रिपोर्ट में बताया कि शिकायतकर्ता ने व्यक्तिगत रंजिश होने के कारण शिकायत दर्ज करवाई। इसे बैठक में खारिज कर दिया गया। वहीं एक प्रकरण गांव 24 पीएस में प्रार्थी रानी देवी ने प्लाट पर किसी अन्य व्यक्ति द्वारा कब्जा करने संबंधी शिकायत दर्ज करवाई गई। प्रकरण को बैठक में खारिज कर दिया गया। एक प्रकरण गांव उड़सर में पानी की बारी को लेकर लगभग 1 वर्ष से चल रहा है। इसमें सहायक अभियंता सिंचाई विभाग को बार-बार उपखंड कार्यालय रायसिंहनगर से पत्र जारी किए गए प्रकरण में जांच रिपोर्ट चाही गई। गत 4 माह पूर्व हुई बैठक में भी सहायक अभियंता सिंचाई विभाग को रिपोर्ट दो दिवस में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके सहायक अभियंता सिंचाई विभाग द्वारा बैठक तक रिपोर्ट नहीं भिजवाई जाने के कारण सहायक अभियंता सिंचाई विभाग को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में तहसीलदार अमर सिंह भनखड़, ब्लॉक सीएमएचओ मोहनलाल सोलंकी, ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी ममता, एसीबीओ राकेश त्यागी, नायब तहसीलदार समेजा दया सिंह, नायब तहसीलदार गजसिंहपुर अजय कुमार, सहायक निदेशक कृषि विभाग हरबंस सिंह, कनिष्ठ अभियंता विद्युत विभाग लोकेश सैन, सहायक विकास अधिकारी दलजीत सिंह हुंदल, डीओ आईटी विभाग से ममता चौधरी, समाज कल्याण विभाग से पूनम डेलू आदि उपस्थित रहे। बैठक में उपखंड अधिकारी ने सभी विभागों को सरकार की सभी योजनाओं का प्रचार प्रसार करने एवं फरियादी को समय पर राहत प्रदान करने तथा कार्यालयों के संपर्क पोर्टल पर शेष दर्ज शिकायतों का समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।